
:- कोरबा (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज का कोरबा दौरा शनिवार को भव्य स्वागत के साथ शुरू हुआ। उनके साथ वक्फ बोर्ड सदस्य फैजान सरवर खान भी मौजूद रहे। शहर के विभिन्न इलाकों में जगह-जगह उनका भव्य इस्तकबाल किया गया।
दौरे का आगाज पंतोरा से हुआ, जहां सुन्नी मुस्लिम जमात के अध्यक्ष अखलाख खान, जुम्मन खान और मुस्लिम समुदाय के अन्य प्रमुख लोगों ने डॉ. राज का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इसके बाद वे बरमपुर पहुंचे, जहां मुस्लिम जमात के युवाओं ने अनोखे अंदाज में उनका इस्तकबाल किया।
बरमपुर के बाद डॉ. सलीम राज पावर हाउस रोड स्थित जामा मस्जिद पहुंचे। यहां उन्होंने कोरबा दौरे के उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी और वक्फ बोर्ड की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। डॉ. राज ने कहा, “वक्फ की संपत्तियों से होने वाली आय को बढ़ाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है ताकि इसका लाभ मुस्लिम समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों तक पहुंच सके।”
ट्रांसपोर्ट नगर में सुन्नी मुस्लिम जमात की ओर से डॉ. सलीम राज को लड्डुओं से तौलकर पारंपरिक स्वागत किया गया। इस मौके पर उन्होंने कोरबा की मुस्लिम समुदाय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहरवासियों का प्यार और सहयोग उन्हें और मजबूती देता है।
दौरे के समापन पर शहर की ईदगाह कब्रिस्तान कमेटी की ओर से मेहर वाटिका में भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। हजारों मुस्लिम समाज के लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए। मंचीय कार्यक्रम में सुन्नी मुस्लिम जमात के अध्यक्ष अखलाख खान ने बताया कि समाज के लिए एक आधुनिक मॉडल स्कूल खोलने की योजना है, जिसके लिए वक्फ बोर्ड से सहयोग की जरूरत है।
इस पर डॉ. सलीम राज ने तुरंत सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा, “शहर में एक मॉडल स्कूल और मुस्लिम हॉल के निर्माण के लिए लगभग एक करोड़ रुपये की मदद केंद्रीय तथा राज्य वक्फ बोर्ड की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी।” साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि अगले साल रमजान के दौरान इन दोनों भवनों का शिलान्यास भी किया जाएगा।
इस ऐलान से उपस्थित मुस्लिम समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यक्रम में वक्फ बोर्ड की योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और कल्याणकारी कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई।
डॉ. सलीम राज के इस दौरा और बड़े ऐलान को कोरबा के मुस्लिम समुदाय ने ऐतिहासिक बताया









