
किसानों को फसल प्रबंधन, धान पंजीयन, गिरदावरी एवं भूमि अभिलेखों की दी गई जानकारी
जवाली। 2 अक्टूबर 2026, महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत जवाली में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर पूजा-अर्चना एवं पुष्प अर्पित कर की गई।
ग्राम सभा के दौरान कृषि विभाग के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी ने किसानों को धान की फसल में होने वाले पीलापन, माहू, चितरी, बंकी, झुलसा सहित विभिन्न रोग एवं कीटों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने अनुशंसित कीटनाशकों के उपयोग के साथ यूरिया, पोटाश एवं अन्य उर्वरकों का संतुलित मात्रा में प्रयोग करने पर जोर दिया। साथ ही बताया गया कि शासकीय स्तर पर कीटनाशक दवाइयों के वितरण का प्रावधान नहीं है।
किसानों तक समय पर कृषि संबंधी जानकारी पहुंचाने में कृषि मित्र, कृषि सखी एवं पशु सखी की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए सरपंच से इनके साथ आवश्यक निगरानी एवं समन्वय बनाए रखने की अपील की गई। ग्राम सभा में धान बिक्री पंजीयन, पंजीयन में संशोधन, वारिसान एवं अन्य आवश्यक सुधार तथा दलहन फसलों के पंजीयन से संबंधित जानकारी भी किसानों को दी गई।
वहीं राजस्व विभाग के पटवारी द्वारा भूमि अभिलेखों के डिजिटलीकरण, गिरदावरी प्रक्रिया तथा भुईयां, एग्रीस्टैक एवं समिति मॉड्यूल से संबंधित जानकारी साझा की गई। बताया गया कि इस वर्ष गिरदावरी का कार्य 10 अक्टूबर तक किया जाना है, जिसके लिए सेटेलाइट सर्वेयर द्वारा कार्य किया जा रहा है।
पंचायत कार्यों में कर्मचारियों की कमी का मुद्दा उठा
ग्राम सभा में ग्राम पंचायत से जुड़ी पुरानी समस्याओं को लेकर भी चर्चा हुई। ग्राम पंचायत सचिव के अस्वस्थ रहने के कारण पंचायत संबंधी विस्तृत जानकारी समय पर प्रस्तुत नहीं हो पाने की बात सामने आई। वहीं रोजगार सहायक एवं स्थायी सचिव के अभाव के कारण मनरेगा सहित ग्राम पंचायत के विभिन्न विकास कार्य प्रभावित होने की समस्या भी ग्रामीणों द्वारा उठाई गई।
ग्राम सभा में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। इस दौरान लगभग आधे पंचों के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका, जय बिहान की सक्रिय महिलाएं, कुछ मितानिन एवं अन्य प्रमुख ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ग्राम सभा के दौरान बताया गया कि आगामी माह आयोजित होने वाली ग्राम सभा में ग्राम पंचायत के आय-व्यय से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की जाएगी। ग्रामीणों ने पंचायत से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

ग्राम पंचायत जवाली में गांधी







