
@ जवाली। द्वितीय सावन सोमवार के पावन अवसर पर ग्राम जवाली के मुरईकछार–खोलार नदिया तट स्थित प्राचीन शिव मंदिर में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ पूजा-अर्चना एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और भगवान शिव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
प्रातः करीब 6:30 बजे प्रतिदिन नित्य स्नान-ध्यान एवं पूजा-अर्चना करने वाले भक्त विजय केंवट, नरेश, सत्या, गजानंद, राजकुमारी सारथी परिवार, सरिता, अंजू, रागनी, निशा, बबली एवं रुचि द्विवेदी सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की प्रथम पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर दुर्गेश नंदनी, अंजू पटेल, शारदा एवं गुड्डाराम कुंभकार परिवार की ओर से श्रद्धापूर्वक हलवा, सेवई और खीर तैयार कर भगवान शिव को भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात अंजोर साय पटेल परिवार के सहयोग से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।
दिनभर ग्राम के श्रद्धालु भक्तों के साथ-साथ कृषि कार्य के लिए आने-जाने वाली महिलाओं, बच्चों एवं अन्य लोगों ने भी प्रसाद ग्रहण किया। प्रसाद वितरण के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
आगामी सावन सोमवार को भी जारी रहेगा प्रसाद वितरण
आयोजन समिति ने बताया कि सावन माह के आगामी सोमवारों में भी शिव मंदिर में प्रसाद वितरण का क्रम जारी रखा जाएगा। समिति ने श्रद्धालुओं एवं दानदाताओं से इस धार्मिक आयोजन में अपनी इच्छानुसार सहयोग प्रदान करने की अपील की है, ताकि सावन के पूरे महीने श्रद्धा और सेवा का यह क्रम निरंतर चलता रहे।
इस आयोजन ने भक्ति के साथ सेवा और सामुदायिक सहभागिता की सुंदर मिसाल पेश की।






