
: कोरबा ( छत्तीसगढ़ )पहले जहां छोटी-छोटी शिकायतों के लिए लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे और लंबा इंतजार करना पड़ता था, वहीं अब हालात पूरी तरह बदल गए हैं। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में शुरू किया गया ‘कलेक्टर जनदर्शन’ कार्यक्रम अब जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लिए समस्याओं का त्वरित समाधान देने वाला विश्वसनीय मंच बन चुका है।
जनदर्शन में रोजाना बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं। बिजली बिल की गड़बड़ी, राशन कार्ड में सुधार, आवास योजना की मांग, स्वास्थ्य सहायता, जमीन विवाद, सीमांकन और पेंशन संबंधी शिकायतें प्रमुख हैं। प्रशासन की ओर से हर फरियादी की बात गंभीरता से सुनी जा रही है और मौके पर ही समाधान या तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं।
लोगों का कहना है, “पहले तो एक छोटे काम के लिए भी कई बार दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, अब जनदर्शन के जरिए सीधे कलेक्टर साहब तक पहुंच आसान हो गई है। प्रक्रिया पारदर्शी हुई है और समाधान की रफ्तार भी तेज हो गई है।”
कलेक्टर कुणाल दुदावत की सक्रियता के कारण कई मामलों में तत्काल निराकरण हो रहा है, जबकि बाकी मामलों में सख्त समय-सीमा तय कर विभागों को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। परिणामस्वरूप आमजन में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है। अब जनदर्शन केवल शिकायत दर्ज कराने का मंच नहीं रहा, बल्कि समाधान और उम्मीद का प्रतीक बन गया है।
लगातार बढ़ती भीड़ और फरियादियों की संतुष्टि इस बात का प्रमाण है कि जिला प्रशासन की यह पहल सही दिशा में आगे बढ़ रही है। कलेक्टर जनदर्शन अब जिले के हर वर्ग के लिए ‘समस्या का समाधान, एक ही दिन’ का विश्वास बन चुका है।









