
भक्ति में शोर नहीं, सौहार्द और सुरक्षा जरूरी; नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
कोरबा/पाली। गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भक्तिमय वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पाली पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। इसी कड़ी में पाली थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कौशिक ने गणेश पंडाल समितियों, आयोजकों एवं आम नागरिकों से पर्व को आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की है।
थाना प्रभारी ने कहा कि गणेश उत्सव आस्था, श्रद्धा और उत्साह का पर्व है, लेकिन उत्सव के दौरान सार्वजनिक व्यवस्था, यातायात और आम नागरिकों की सुविधा का ध्यान रखना भी सभी की जिम्मेदारी है।
सड़क और यातायात व्यवस्था का रखें ध्यान
पाली थाना प्रभारी ने गणेश समितियों से अपील की कि चौक-चौराहों एवं मुख्य मार्गों के किनारे लगाए जाने वाले पंडालों की व्यवस्था इस प्रकार की जाए कि राहगीरों, स्कूली बच्चों तथा एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। पंडालों के कारण सड़क पर अतिक्रमण न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
डीजे और तेज आवाज पर रहेगी नजर
पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण को लेकर भी समितियों को सावधान किया है। थाना प्रभारी ने कहा कि डीजे अथवा तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम का अनावश्यक उपयोग न किया जाए। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल निर्धारित नियमों एवं सीमाओं के भीतर ही किया जाए।
उन्होंने कहा कि तेज आवाज से बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को परेशानी होती है। “भक्ति में शोर नहीं होना चाहिए, बल्कि पंडालों में सौहार्द, शांति और भाईचारे का वातावरण होना चाहिए।”
अफवाहों से बचें, संदिग्ध गतिविधि की तत्काल दें सूचना
पुलिस ने नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। पंडाल या आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने कहा गया है।
गणेश उत्सव के दौरान उपद्रव, हुड़दंग, नशाखोरी अथवा अराजकता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पंडालों की व्यवस्था बनाए रखने के लिए समितियों को स्वयं वालंटियर तैनात करने की भी अपील की गई है।
स्थापना और विसर्जन की जानकारी पुलिस को दें
थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कौशिक ने सभी गणेश समितियों से गणेश प्रतिमा स्थापना की जानकारी थाने में देने की अपील की है। साथ ही विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग और समय का पालन करने को कहा है।
उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव को सफल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन समितियों के साथ हर संभव सहयोग के लिए तैयार है, लेकिन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने कहा कि गणेश उत्सव में भक्ति और उत्साह जरूर हो, लेकिन इसकी वजह से किसी दूसरे व्यक्ति को परेशानी न हो—यही पाली पुलिस का उद्देश्य है।
अराजकता की आशंका हो तो तत्काल करें संपर्क
पाली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी प्रकार की अराजकता या अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने की आशंका हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
📞 पाली थाना संपर्क नंबर: 94060-10445
पाली पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी के सामूहिक प्रयास से गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।









